हजारीबाग। जिले में बुधवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के बाबा पथ स्थित सुभाष बारला गली में ट्रांसपोर्टर उदय साव और प्रदीप साव के आवास पर छापेमारी की। अचानक पहुंची जांच एजेंसी की टीम ने दोनों के आवास पर तलाशी अभियान शुरू किया। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार, उदय साव और प्रदीप साव का नाम पहले कत्था कारोबार से जुड़ा रहा है। दोनों ट्रांसपोर्टर के रूप में भी जाने जाते हैं। हालांकि, एनआईए की टीम किस मामले की जांच के सिलसिले में उनके आवास पर पहुंची है, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी किन बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं, तलाशी के दौरान किसी दस्तावेज या अन्य सामान की जब्ती हुई है अथवा दोनों से पूछताछ की गई है, इस संबंध में भी फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एनआईए की इस कार्रवाई के बाद शहर में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर जांच एजेंसी की ओर से आने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी है।