बरियातू (लातेहार) थाना क्षेत्र के गिद्दी मोड़ के समीप दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बारियातू थाना में पदस्थापित चौकीदार विकास गंझू (30) और दूसरी बाइक पर सवार नितेश कुमार (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पुलिस की मदद से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चौकीदार की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, चौकीदार विकास गंझू बारियातू थाना में ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से अपने घर छाताबार गोनिया लौट रहे थे। इसी दौरान गिद्दी मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही नितेश कुमार की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बारियातू थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालूमाथ पहुंचाया। वहां चिकित्सक अलीशा टोप्पो ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, चौकीदार विकास गंझू के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें आई हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जबकि नितेश कुमार का उपचार किया गया।