डालटनगंज। भाजपा की ओर से शिवाजी मैदान से कचहरी तक निकाली गई पदयात्रा पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पलामू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर जनता को जवाब देने के बजाय प्रचार की राजनीति कर रही है।

सिन्हा ने विधायक आलोक चौरसिया पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन बार विधायक बनने और भाजपा के लंबे कार्यकाल के बावजूद पलामू में हुए पांच ठोस विकास कार्यों का हिसाब जनता को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारों के सवाल पर विकास कार्यों की जानकारी नहीं दी जा सकी, तो अब जनता को क्या जवाब देंगे?

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की मैया सम्मान योजना और अबुआ आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को जनकल्याणकारी योजनाओं पर राजनीति करने के बजाय अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और हर जनप्रतिनिधि को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।