चतरा। जिले के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। विद्यालय के हॉस्टल के कमरे में नौवीं कक्षा की एक छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, छात्रा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा चतरा जिले के सिमरातरी गांव की रहने वाली थी। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी बिताकर अपने घर से वापस विद्यालय लौटी थी। परिजनों के अनुसार, छात्रा सामान्य व्यवहार करती थी।
सोमवार रात करीब 8:30 बजे हॉस्टल की अन्य छात्राएं भोजन करने के लिए डाइनिंग हॉल गई थीं। इसी दौरान छात्रा के भोजन के लिए नहीं पहुंचने पर उसकी सहपाठियां उसे बुलाने कमरे में गईं। वहां छात्रा को फंदे से लटका देख सभी घबरा गईं। इसके बाद तत्काल शिक्षिकाओं एवं वार्डन को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा को फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक का माहौल है। वहीं, छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।