लातेहार। झारखंड राज्य स्थापना दिवस को लेकर लातेहार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह भव्य एवं गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। इसे लेकर उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

निर्णय लिया गया कि 11 से 15 नवंबर तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला, कविता और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, खेलकूद एवं जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा कारगिल पार्क स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया जाएगा तथा जिला स्तरीय विकास मेला लगाया जाएगा। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।