मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के तीन कोनिया गैरेज के पास बुधवार दोपहर दिनदहाड़े झपटमारों ने बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर जा रही महिला का रुपयों से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 1:12 बजे की है। चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी ललिता देवी (32) पति के कमर के ऑपरेशन और कर्ज चुकाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनके ससुर सब्जी खरीदने चले गए और वह अकेली रह गईं। तभी पैदल आए एक युवक ने झोला छीन लिया। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया। सूचना पर शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। महिला के अनुसार, फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पलामू में बैंक से 4 लाख रुपये निकालकर जा रही महिला से दिनदहाड़े झपटमारी।
पति के ऑपरेशन और कर्ज चुकाने के लिए निकाले थे पैसे, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखे।
वीडियो रिपोर्ट · बाहरी प्लेयर