लातेहार। समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। जन शिकायत निवारण के दौरान लातेहार प्रखंड के बिसुनपुर, पोस्ट मोंगर निवासी सदानंद पांडेय ने अपने क्षेत्र में पेयजल की समस्या को लेकर आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास भेजते हुए आवेदनों का भौतिक सत्यापन करने और समस्याओं का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों की गंभीरता से जांच कर उनका त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। गौरतलब है कि आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों के कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।