गारू। दीपावली पर्व को लेकर गारू और सरयू प्रखंड के विभिन्न गांवों में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। घरों की साफ-सफाई से लेकर लिपाई-पोताई और रंग-रोगन का काम तेजी से चल रहा है। गांवों में धीरे-धीरे दीपावली की रौनक दिखाई देने लगी है। पर्व को लेकर ग्रामीण अपने घरों और आसपास के परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में जुटे हैं। वहीं, बाजारों में भी सजावटी सामानों की मांग बढ़ने लगी है। लोग घरों को आकर्षक बनाने के लिए रंग, पेंट, झालर, रंग-बिरंगी लाइट और अन्य सजावटी सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं घरों की साफ-सफाई और सजावट में विशेष रूप से जुटी हुई हैं। वहीं, बच्चे भी दीपावली को लेकर खासे उत्साहित हैं। घरों में रंगोली बनाने और दीप जलाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दीपावली नजदीक आने के साथ ही गारू और सरयू प्रखंड के गांवों में त्योहार का माहौल बनने लगा है। घरों की सजावट और बाजारों की रौनक से लोगों में पर्व को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।