चंदवा (लातेहार)। टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। रविवार की रात मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और स्थानीय ग्रामीणों ने कामता चौक पर मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। यह लगातार दूसरे रविवार को आयोजित मानव शृंखला थी। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग करते हुए टोरी-चंदवा एनएच-22 पर फ्लाईओवर और नए अंडरब्रिज का निर्माण जल्द कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व माकपा के राज्य कमेटी सदस्य अयुब खान ने किया। आंदोलनकारी प्रतिदिन रात में तीन घंटे तक प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री इस्तीफा दो, फ्लाईओवर का निर्माण शुरू करो, नया अंडरब्रिज बनाओ और आरओबी की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर काम शुरू करो जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अयुब खान ने कहा कि टोरी फ्लाईओवर निर्माण में हो रही देरी के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जिम्मेदार हैं, जबकि नए अंडरब्रिज के निर्माण में विलंब की जिम्मेदारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की है। उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की समस्या से दोनों मंत्रालयों को वर्षों से पत्राचार और आंदोलन के माध्यम से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक लोगों को राहत नहीं मिली है। उन्होंने दोनों मंत्रियों से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि फ्लाईओवर और नए अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। माकपा जिला सचिव रसीद मियां, ग्राम प्रधान पचु गंझू और मोफील खान ने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग एनएच-22 पर स्थित है। इस मार्ग से पटना, छत्तीसगढ़, रांची, गुमला, लोहरदगा, मेदिनीनगर, लातेहार, हजारीबाग और चतरा सहित कई क्षेत्रों के वाहन गुजरते हैं। रेलवे फाटक बंद होने पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। वहीं, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। मौके पर अयुब खान, रसीद मियां, पचु गंझू, मोफील खान, टिंकू खान, अशोक गंझू, साजिद खान, सजेबुल खान, रियाज खान, इमरान खान, अजमुल खान, अमरूल खान, हुसैन खान, एजाज खान, नौशाद खान, मो. नेसार, अब्दुल खान, सयुफ खान, जालीम खान, बड़े खान, पोपलेन खान, अजरहुल खान, नईम खान, मोईन खान, वाहिद खान, आदिल खान, इमरोज खान, नसीम खान, दानिश खान, कयूम खान, रिजवान खान, इम्तियाज खान, वसीम खान, समीम खान, फैजान खान, सोनू खान, वैस खान, साहिल खान, नजाद खान और आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में माकपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।
टोरी आरओबी आंदोलन ने पकड़ा जोर, दूसरी रविवार की रात भी बनी मानव शृंखला।
माकपा ने नितिन गडकरी और अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की उठाई मांग, फ्लाईओवर और नए अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग।