लातेहार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल और पारदर्शी बनाने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए राजनीतिक दलों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई। बैठक में बताया गया कि 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक और चुनाव पाठशाला का आयोजन होगा। इस दौरान सत्यापन नहीं कराने वाले मतदाताओं की नामवार सूची पढ़कर सुनाई जाएगी। इसके बाद संबंधित मतदाताओं के संबंध में जानकारी, सुझाव और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

22,051 लोगों ने नाम जोड़ने के लिए किया आवेदन।

बैठक में साझा आंकड़ों के अनुसार, अब तक प्रपत्र-6 के तहत 22,051, प्रपत्र-7 के तहत 2,132 और प्रपत्र-8 के तहत 8,721 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 जमा करें। इसके लिए बीएलओ के अलावा ECINET ऐप और वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से 18 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है।

99.57 प्रतिशत मामलों का हुआ निष्पादन।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि 3 नवंबर तक लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के 1,22,974 मामलों में से 84,488 (68.70 प्रतिशत), नो मैपिंग के 46,877 मामलों में से 16,646 (35.51 प्रतिशत) तथा अन्य श्रेणी के 3,31,107 मामलों में से 3,29,687 (99.57 प्रतिशत) मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक सहभागी और पारदर्शी प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे। इसके लिए पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करें। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष, प्रतिनिधि और निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।