चंदवा (लातेहार)। मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने को लेकर सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के. रवि कुमार ने चंदवा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। होम-टू-रोल विजिट कार्यक्रम के तहत उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राजकीय बालिका मध्य विद्यालय चंदवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 328 और प्राथमिक विद्यालय जमीरा स्थित मतदान केंद्र संख्या 347 का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों से निर्वाचन संबंधी कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न गांवों में घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से पूछा कि उनका मतदाता पहचान पत्र (EPIC) बना है या नहीं। साथ ही BLO द्वारा घर पहुंचकर फॉर्म-6 उपलब्ध कराने, उसे भरवाने और जमा कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे। साथ ही निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरा करने पर जोर दिया। मौके पर उपायुक्त संदीप कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित झा, बीएलओ समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।