बालूमाथ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के पांकी-बालूमाथ मुख्य मार्ग पर बनियों गांव के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, उसे बचाने के प्रयास में दूसरी महिला भी चोटिल हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए नो एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इससे मार्ग पर करीब छह घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, बनियों गांव निवासी हीरामणि देवी और कुलेश्वरी देवी मंगलवार सुबह अपने मवेशियों को चारा खिलाने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से हीरामणि देवी घायल हो गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में कुलेश्वरी देवी भी चोटिल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक दयानंद कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। हीरामणि देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार, उनके सिर, हाथ और पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।

भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद इस दिशा में ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए नो एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग की। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और तुबेद कोल माइंस के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी।