लातेहार। जिले में महिला स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत उपायुक्त संदीप कुमार ने लाभुक समूहों एवं समिति को ट्रैक्टर और सहायक कृषि यंत्र वितरित किए। इस योजना के तहत हेरहंज प्रखंड के शांति महिला सखी मंडल और रोशनी महिला सखी मंडल तथा गारू प्रखंड की मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड को लाभान्वित किया गया। इन समूहों को कृषि कार्यों के लिए ट्रैक्टर एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
योजना के तहत कुल 10 लाख रुपये के पैकेज में बड़े ट्रैक्टर पर 50 प्रतिशत तथा रोटावेटर, कल्टीवेटर एवं केज व्हील जैसे सहायक कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। वहीं, पूरे पैकेज पर लाभुक समूहों एवं समिति को कुल 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों को कृषि यांत्रिकीकरण से जोड़ना है। ट्रैक्टर एवं आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध होने से खेती-किसानी के कार्य आसान होंगे। इससे कृषि लागत में कमी आने के साथ समूहों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मौके पर आईटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।