मनिका। थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव डोकी, पगार एवं शैलदाग में अवैध पोस्ता-अफीम की खेती पर रोक लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले कानूनी नुकसान एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। अभियान का नेतृत्व बरवाडीह एसडीपीओ बीरेंद्र कुमार राम ने किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जंगली और पहाड़ी क्षेत्रों में किसी भी परिस्थिति में अवैध पोस्ता-अफीम की खेती नहीं करें। अफीम की खेती कानूनन अपराध है। इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ ने कहा कि अवैध खेती से न केवल समाज पर बुरा प्रभाव पड़ता है, बल्कि युवाओं का भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी गतिविधियों से दूर रहने और इसकी रोकथाम में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ ग्रामीणों को जागरूक करना है। इसके लिए सुदूरवर्ती इलाकों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।