लातेहार। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें जा रही लोगों की जान को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग गंभीर नजर आ रहा है। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त संदीप कुमार और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिले में वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को लातेहार जिला मुख्यालय में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, मुख्यालय डीएसपी प्रदीप मिंज और थाना के एसआई कमता कुमार ने पुलिस बल के साथ किया। इस दौरान मुख्य सड़कों पर आने-जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई। विशेष रूप से मोटरसाइकिल चालकों को रोककर शराब पीकर वाहन चलाने की जांच की गई। इसके अलावा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही सफर करने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की हिदायत दी। साथ ही शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की सख्त अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डालती है।

प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।