मेदिनीनगर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के राजकीय बालिका बुनियादी विद्यालय और भीष्म नारायण इंटर महाविद्यालय में आयोजित चुनाव पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और बीएलओ व बीएलए-2 को आपसी समन्वय से कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने चार नवंबर को प्रपत्र-2 के प्रकाशन और पांचवीं बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। बैठक में सत्यापन नहीं कराने वाले मतदाताओं की नामवार सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाने तथा आम लोगों और राजनीतिक दलों से सुझाव व आपत्तियां लेने को कहा। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। साथ ही 18 नवंबर को प्रपत्र-3 के प्रकाशन और छठी बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। इस दौरान निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।