लातेहार। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बुधवार को बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक एवं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मतदाता सूची का सत्यापन नहीं कराने वाले मतदाताओं की नामवार सूची पढ़कर सुनाई गई और उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया गया।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप कुमार ने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सबानो स्थित मतदान केंद्र संख्या 190 का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों को लंबित सत्यापन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने तथा सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त सबानो गांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं, उन्हें वोटर आईडी कार्ड मिला है या नहीं तथा बीएलओ उनके घर पहुंचे हैं या नहीं। साथ ही फॉर्म भरने की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं की भी जानकारी ली।

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से निर्वाचन कार्यों में सहयोग करने तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित बीएलओ को जानकारी देने की अपील की। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सत्यापन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। 18 नवंबर को प्रपत्र-3 का प्रकाशन एवं छठी बैठक आयोजित की जाएगी।

मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, गोपनीय प्रभारी श्रेयांश, बीडीओ मनोज कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।